Hindi

Box Office: ‘बधाई हो’ ने कर ली ‘ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान’ की बराबरी

आयुष्मान खुराना की फ़िल्म ‘बधाई हो’ पांचवें हफ़्ते में चल रही है और पांचवें शनिवार को फ़िल्म ने एक और चमत्कार कर दिखाया है। ‘बधाई हो’ ने शनिवार को ‘ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान’ के बराबर कलेक्शन किया है। ग़ौरतलब है कि ‘ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान’ का यह दूसरा शनिवार था.

शुक्रवार (16 नवंबर) को ‘बधाई हो’ पांचवें हफ़्ते में प्रवेश कर गयी है और पांचवें वीकेंड में फ़िल्म के कलेक्शंस ने फिर ज़ोर पकड़ा है। ‘ठग्स’ की असफलता को ‘बधाई हो’ को भरपूर फ़ायदा मिल रहा है। ‘ठग्स’ की रिलीज़ से पहले इस बात की कल्पना करना भी मुश्किल था कि ‘बधाई हो’ किसी दिन इसके कलेक्शन की बराबरी करेगी। बहरहाल, शनिवार (17 नवंबर) को ‘बधाई हो’ ने ₹1.75 करोड़ का कलेक्शन किया और लगभग इतने ही ‘ठग्स’ को भी मिले।

 

‘बधाई हो’ का अब 31 दिनों का कलेक्शन ₹123.45 करोड़ हो चुका है। इससे पहले शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹1 करोड़ जमा किये थे। दिलचस्प बात यह है कि दिवाली के दौरान ‘बधाई हो’ के सिर्फ़ औसतन 2-3 शोज़ चल रहे थे, मगर ‘ठग्स’ के गिरते हुए बिज़नेस को देखते हुए सिनेमाघरों में इसके शोज़ बढ़ाकर 4-6 कर दिये गये हैं। 29 नवंबर को 2.0 की रिलीज़ तक कोई बड़ी फ़िल्म नहीं है, लिहाज़ा ‘बधाई हो’ को इसका फ़ायदा मिल सकता है।

शुक्रवार (9 नवंबर) को ‘बधाई हो’ का सिनेमाघरों में चौथा हफ़्ता शुरू हो गया था। इस हफ़्ते में इसके सामने आमिर ख़ान और अमिताभ बच्चन अभिनीत ‘ठग्स’ की महा चुनौती थी, जो देशभर में 5000 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी। ठग्स की रिलीज़ से पहले यह लगभग तय मान लिया गया था कि बधाई हो अपनी कमाई कर चुकी है। अब इसका सफ़र थम जाएगा, मगर हुआ इसका उल्टा। ‘

 

बधाई हो’ के कलेक्शंस एक करोड़ रुपये के ऊपर बने रहे।फ़िल्म ने चौथे शुक्रवार को ₹1.45 करोड़, शनिवार को ₹2.05 करोड़ और रविवार को ₹2.45 करोड़ का कलेक्शन किया। चौथे वीकेंड में फ़िल्म को ₹5.95 करोड़ मिले। ग़ौर कीजिए कि फ़िल्म के वीकेंड कलेक्शंस में इजाफ़ा हुआ है। चौथे सोमवार को भी ‘बधाई हो’ ने ₹1.30 करोड़ जमा कर लिये, मंगलवार को इसने ₹1.25 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि बुधवार को फ़िल्म ने ₹1.20 करोड़ का कारोबार कर लिया था। वहीं, गुरुवार को ₹1.10 करोड़ जमा किये थे।

Related Articles

Back to top button